चुनाव निशान ‘करनी’ पर मोहर लगाओ, इन्द्रजीत को जिताओ! मेहनतकश के अपने पक्ष को मजबूत बनाओ!

भारत की क्रान्तिकारी मज़दूर पार्टी ने आज सुबह और शाम को रोहतक की कबीर कॉलोनी में डोर टू डोर अभियान चलाया और #RWPI के दूरगामी और फ़ौरी कार्यक्रम से लोगों को परिचित करवाया। इस इलाक़े में मुख्यतः निम्न और निम्न-मध्यवर्गीय आबादी रहती है। साथ ही काफ़ी बड़ी संख्या में प्रवासी मज़दूर भी यहाँ निवास करते हैं। सभी मज़दूर ठेके पर कार्य करते हैं और रोज़गार की भी कोई गारण्टी नहीं है। प्रवासी मजदूरों में ज़्यादातर भवन निर्माण मज़दूर हैं। इसके अलावा कुछ आबादी का काम रेहड़ी लगाना, चौकीदारी करना, डेयरी में काम करना, कपड़े इस्त्री करना इत्यादि जैसा भी है। मज़दूरों ने अपनी समस्याओं को RWPI के कार्यकर्ताओं के साथ साझा किया। उन्होंने बताया कि काम मिलने की कोई गारण्टी नहीं है, इसके अलावा वेतन भी इतना कम मिलता है कि परिवार का गुज़ारा भी नहीं हो पाता। बच्चों को किसी ढंग के स्कूल में भी नहीं पढ़ा पाते हैं। यदि कोई परिवार का सदस्य बीमार हो जाये तो उसका इलाज सरकारी अस्पताल में करवाना पड़ता है। यहाँ उनका इलाज भी ढंग से नहीं हो पाता, क्योंकि न तो वहाँ दवा ही मिलती है और न ही समय पर इलाज हो पाता है। क्योंकि अस्पतालों में भीड़ ही इतनी होती है। भारत की क्रान्तिकारी मज़दूर पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पार्टी का घोषणापत्र मज़दूर और मेहनतकश साथियों के साथ साझा करते हुए बताया कि ये सभी माँगे पार्टी के घोषणापत्र में हैं।

यदि भारत की क्रान्तिकारी मज़दूर पार्टी का उम्मीदवार चुनकर संसद में जाता है तो वह निम्नलिखित माँगों को लागू करवाने के लिए संघर्ष करेगा।

1. ठेकेदारी प्रथा का पूर्ण ख़ात्मा। सबको साल भर पक्के रोज़गार की गारण्टी अन्यथा 10,000 रुपये मासिक बेरोज़गारी भत्ता।

2.प्राइमरी से लेकर उच्चतर स्तर तक सबको समान और निशुल्क शिक्षा।

3. सबके लिये समान और निःशुल्क दवा-इलाज की व्यवस्था।

4. बिजली, पानी, आवास, चिकित्सा इत्यादि की समुचित व्यवस्था।

कुल मिलाकर RWPI के घोषणापत्र में 84 बिन्दु हैं जिनपर RWPI संघर्ष के हर मैदान में डटी रहेगी। कॉलोनीवासियों का रुझान सकारात्मक रहा।