उत्तर-पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट से #RWPI की उम्‍मीदवार – मेहनतकशों के संघर्षों में तपी हुई कॉमरेड अदिति!

उत्तर-पश्चिमी दिल्ली से भारत की क्रान्तिकारी मज़दूर पार्टी की कॉमरेड अदिति का लोकसभा चुनाव में नामांकन स्वीकृत हो गया है। कॉमरेड अदिति का नाम बड़े बर्जुआ नेताओं की तरह अख़बारों में नहीं छप रहा है, पर इस क्षेत्र की मेहनतकश आबादी के एक हिस्से ने अदिति को अपने जीवन के संघर्षों में शामिल पाया है।

दिल्ली की घरेलू कामगारों की संगठनकर्ता अदिति दिल्ली घरेलू कामगार यूनियन की संयोजन समिति की सदस्य हैं और शाहबाद डेरी, रोहिणी, सूरज पार्क, गड्ढा बस्ती और पोचनपुर व पालम की घरेलू कामगारों के संघर्ष में अगुवा रही हैं। वे बवाना के औद्योगिक मज़दूरों को संगठित करने, आंगनवाड़ी महिलाओं के संघर्ष से लेकर जनवादी अधिकार के संघर्षों के आंदोलन में भी सक्रिय भूमिका में शिरकत करती रही हैं। उत्तर-पश्चिमी दिल्ली में 23 लाख वोटर हैं व यह दिल्ली की सबसे बड़ी लोकसभा सीट है। इस लोकसभा क्षेत्र में मज़दूरों-मेहनतकशों की एक बड़ी आबादी रहती है जो बादली औद्योगिक क्षेत्र, बवाना, नरेला, भोरगढ़, उद्योग विहार, कंझावला के फै़क्ट्री इलाकों से लेकर जहांगीर पूरी के कचरा मज़दूरों की बस्ती तक फैले इलाके में रहते हैं। हर इलाके में मज़दूरों की मेहनत के रूप भी बदलते हैं और मेहनत की लूट के तरीके भी। इस लूट को बरकरार रखने के लिए कायम इस निज़ाम में चुनावबाज़ पार्टियाँ शासक वर्ग के इस या उस हिस्से का ही प्रतिनिधित्व करती हैं। ऐसे में मज़दूरों-मेहनतकशों के एकमात्र विकल्प के तौर पर भारत की क्रान्तिकारी मज़दूर पार्टी लोकसभा चुनाव में मौजूद है।