सन्तकबीर नगर लोकसभा क्षेत्र से RWPI की भागीदारी की तैयारियाँ शुरू

भारत की क्रान्तिकारी मज़दूर पार्टी (RWPI) की ओर से आगामी लोकसभा चुनावों में उत्तर प्रदेश की सन्तकबीर नगर लोकसभा सीट के लिए चुनाव में भागीदारी का निर्णय लिया गया है। इसके मद्देनज़र अम्बेडकरनगर जिले के सिंघलपट्टी में RWPI की ओर से बैठक का आयोजन किया गया। RWPI की ओर से हुए प्रसेन ने कहा कि संसदीय चुनावों में रणकौशलात्मक भागीदारी का उद्देश्य मज़दूर वर्ग के स्वतन्त्र राजनीतिक पक्ष को मज़बूती से प्रस्तुत करना है। संसदीय चुनावों में भाग लेने वाली तमाम बुर्जुआ पार्टियाँ पूँजीपतियों/कॉर्पोरेट घरानों के पैसों और संसाधनों पर चुनाव लड़ती हैं और जीतने के बाद उन्हीं की सेवा करती हैं। मज़दूर वर्ग का कोई स्वतन्त्र पक्ष न होने की वज़ह से वह इन्हीं बुर्जुआ विकल्पों के बीच चुनने को मजबूर होता है, लेकिन फिर भी उसे हासिल कुछ नहीं होता। ये बुर्जुआ पार्टियाँ मज़दूर वर्ग की वर्गीय पहचान को धूमिल करने के लिए जातीय, धार्मिक, भाषाई, क्षेत्रीय मुद्दों को उठाती हैं, ताकि उसकी वर्ग एकता को कमज़ोर किया जा सके। RWPI अपने समस्त स्रोत-संसाधन आम मेहनतकश जनता के दम पर इकठ्ठा करके मज़दूर वर्ग के स्वतन्त्र राजनीतिक पक्ष का आम मेहनतकश जनता के बीच में प्रचार कर उनको लामबन्द करेगी।

सन्तकबीर नगर लोकसभा क्षेत्र से RWPI के प्रत्याशी मित्रसेन ने कहा कि आज देश में पूंजीवादी लूट की चक्की में आम मेहनतकश जनता पिस रही है। खेतों और कारखानों में खटने वाली मेहनतकश आबादी को इतना भी नहीं हासिल हो पाता कि वह इंसान जैसी ज़िन्दगी जी सके। आँगनबाड़ी की महिलाओं समेत तमाम सरकारी विभागों के कर्मचारी अपनी सुविधाओं, पक्की नौकरी, पुरानी पेंशन के लिए लड़ रहे हैं, लेकिन उनकी सुधि लेने वाला कोई नहीं है। ग्रामीण इलाकों में काम करने वाले भट्ठा मज़दूर, दिहाड़ी मज़दूरों, खेत मज़दूरों की स्थिति तो और भी बदतर है। उनकी सुरक्षा के लिए श्रम विभाग भी नहीं है। इस पूरे क्षेत्र में बेरोज़गार नौजवानों की फौज़ खड़ी है, जो रोज़गार की तलाश में बड़े पैमाने पर पंजाब, दिल्ली, मुंबई जैसे शहरों की ओर पलायन कर रहे है। इन इलाकों में जो थोड़ी-बहुत औद्योगिक इकाइयाँ हैं भी, वे भी बरसों से बन्द पड़ीं हैं। लेकिन आम जनता के जीवन से जुड़े यह मुद्दे चुनावबाज़ पार्टियों के लिए एजेण्डा ही नहीं है। RWPI व्यापक जनगोलबन्दी करते हुए इन सवालों पर संघर्ष को आगे बढ़ाएगी। बैठक में उपस्थित युवाओं, नागरिकों, महिलाओं ने भारत की क्रान्तिकारी मज़दूर पार्टी के कार्यक्रम का व्‍यापक प्रचार-प्रसार करने और प्रत्याशी मित्रसेन को विजयी बनाने का संकल्प लिया।